ताराजीवनपुर में दुकान का शटर चाड़कर की गई चोरी। संवाद
अलीनगर थाना अंतर्गत सोमवार की रात स्थानीय चौराहे के समीप आभूषण की दुकान का शटर चांड़ कर चोरों ने तिजोरी से एक लाख रुपये नकद सहित लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चुरा लिए। चोरी की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। स्थानीय पुलिस चौकी से सटे दुकान में इतनी बड़ी चोरी की वारदात से इलाके में दहशत है।
क्षेत्र के केशवपुर गांव निवासी जितेंद्र सेठ के ज्वेलरी की दुकान ताराजीवनपुर चौराहे पर है। रोजाना की तरह सोमवार को दुकान बंद कर वाराणसी एक रिश्तेदारी में छठ पूजा में शामिल होने चला गया। इसी दौरान चोरों ने रात में ज्वेलरी के दुकान का शटर चांड़ दिया। अंदर घुसने के बाद इसमें रखे लगभग एक क्विंटल की तिजोरी को निकाल लिया। चोर तिजोरी को उठाकर बगल के ही एक लाॅन में ले गए। यहां आसानी से तिजोरी तोड़कर इसमें रखे एक लाख रुपये, तीन किलो चांदी, 40 ग्राम सोने के आभूषण आदि चुरा लिए। मंगलवार की सुबह ग्रामीण सड़क पर टहलते समय ज्वेलरी की दुकान तक पहुंचे तो शटर उठा हुआ देख इसकी सूचना तत्काल पुलिस कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। वहीं पीड़ित दुकानदार भी पहुंचकर इसकी लिखित तहरीर पुलिस को दी। पुलिस चौकी से चंद कदम दूर चौराहे के पास स्थित इस दुकान में इतनी बड़ी चोरी को अंजाम देना पुलिस के लिए भी चुनौती है। व्यापार संघ के अध्यक्ष वंशीधर त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस की लापरवाही,रात में गस्त न करना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से जांच पड़ताल में जुटी है। इस संबंध में अलीनगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि चोरी के घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।