धीना रेलवे स्टेशन के समीप फाटक का एक गेट खुला, और दूसरा बंद होने से फंसे लोग। स्रोत:-जागरूक पाठ
- फोटो : 1
धीना। स्थानीय रेलवे स्टेशन से पूरब की ओर कमालपुर-अमड़ा मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक में तकनीकी खराबी के कारण बृहस्पतिवार की दोपहर में यात्रियों की जान जोखिम में पड़ गई। ट्रेन गुजरने के बाद फाटक का उत्तरी गेट खुल गया, लेकिन दक्षिणी गेट नहीं खुलने से यात्री रेलवे पटरी पर फंस गए। गेटमैन ने किसी तरह लॉक तोड़ कर गेट को ऊपर उठाया। इसके बाद आवागमन शुरू हो सका। समय रहते रास्ता नहीं खुलता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
रेलवे फाटक में इस तरह की समस्या कई महीनों से बनी हुई है। बार-बार गेट फंसने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे पटरी पर यात्रियों के फंसने की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। इस संबंध में स्टेशन मास्टर नजीर हुसैन ने बताया कि गेट की मरम्मत के लिए दानापुर, पटना से टेक्नीशियन आते हैं। फिलहाल गेट की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन किन्हीं कारणों से कभी-कभी गेट फिर फंस जा रहा है। इसको लेकर सावधानी बरती जा रही है।