चहनिया। बलुआ थाने की पुलिस ने शनिवार की देर शाम क्षेत्र के सैदपुर तिरगावां पक्के पुल के पास से नाबालिग संग गैंगरेप करने के एक आरोपी को धर दबोचा। पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई में जुट गई है। वहीं गैंगरेप के दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुट गई है।
प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि बीते बृहस्पतिवार को थाना क्षेत्र के ही एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि बीते सोमवार को उसके घर में वैवाहित समारोह था। उसी दौरान गांव का एक युवक अपने एक अन्य रिश्तेदार के साथ उसकी 16 वर्षीय पुत्री को गांव के बाहर सुनसान स्थान पर उठा ले गया। वहां उसके साथ दोनों ने दुष्कर्म किया और किशोरी को अधमरा छोड़कर भाग निकले। घटनास्थल से किसी तरह किशोरी घर वापस आई और परिजनों से आप बीती बताई किंतु घर में शादी समारोह होने के कारण अपनी इज्जत बचाने के लिए परिजनों ने किशोरी को इलाज के लिए अस्पताल तो भेजा पर पुलिस को सूचना नही दी। शादी बीतने के बाद बीते बृहस्पतिवार को लड़की के पिता ने थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस आरोपी प्रदीप कुमार यादव व सूरज यादव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट व अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। शनिवार की देर शाम सैदपुर पुल के पास से पुलिस ने आरोपी अजगरा तारगांव निवासी प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दुष्कर्म का एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दूसरे की तलाश में पुलिस टीम लगा दी गई है। उसे भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।