चंदौली के पड़ाव क्षेत्र में जाम से सड़क ठहरी सी नजर आई। लोग जाम से जूझते रहे और पुलिस व्यवस्था नाकाम साबित होती दिखी। घंटे भर का समय बीता तब यातायात पुलिस ने बड़ी मशक्कत से जाम को छुड़वाया। जाम में फंसे सभी लोग डोमरी कथा में आए थे।
पड़ाव क्षेत्र के डोमरी में सात दिनों से चल रही शिवमहापुराण की कथा का समापन मंगलवार को दोपहर 12 बजे हुआ। आखिरी दिन के कथा में सबसे ज्यादा 4 लाख लोगों की भीड़ जुटी। कथा समापन के बाद भीड़ से पड़ाव चौराहे पर भीषण जाम लग गया।
विज्ञापन
दोपहर 12.30 बजे से शाम के चार बजे तक जाम में 20 हजार से भी ज्यादा वाहन और पहली बार डेढ़ लाख से भी ज्यादा लोग फंसे रहे। सवारी वाहन का इंतजार में हजारों की संख्या में महिलाएं खड़ी थीं। लेकिन पैर भी जवाब दे गए तो वे वहीं सड़क पर ही बैठ और लेट गईं।
एक भी खाली वाहन गुजरने पर उसमे लोग ठूसे जा रहे थे। व्यवस्था के दावों पर सवाल खड़े होते नजर आए और लोग यातायात पुलिस को कोसते रहे। बाद में यातायात पुलिस के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम को छुड़वाया लेकिन जनता नाराज दिखी।