फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandauli News: 240 गांवों में रात में 8 बार कट रही बिजली, दिन में सिर्फ 3 से 4 घंटे ही आपूर्ति

विज्ञापन
शिकारगंज में कड़ी धूप में कार्य करते बिजली कर्मचारी। संवाद
विज्ञापन
पीडीडीयू नगर। उमस भरी गर्मी के कारण बढ़ी बिजली की मांग से जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों के सभी फीडर ओवरलोड चल रहे हैं। इस कारण 240 गांवों में रात में 8 बार बिजली कट रही है। वहीं, दिन में सिर्फ 3 से चार घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है। फीडरों की ट्रिपिंग के कारण हो रही बिजली कटौती से तीन लाख से ज्यादा उपभोक्ता परेशान हैं। बिजली नहीं रहने से पंखा, कूलर और एसी बंद है। इन्वर्टर की बैटरी भी डिस्चार्ज हो चुकी है। गांव के लोग छतों पर रात गुजार रहे हैं।
विज्ञापन

इन क्षेत्रों में है सबसे ज्यादा समस्या
चंदासी, बबुरी, धानापुर, मारूफपुर, नौगढ़, इलिया, अमड़ा, जमानिया
बिजली ट्रिपिंग के कारण
- ट्रांसफॉर्मर पर ज्यादा लोड होना
- डीओ और फ्यूज जलने से आ रहे लोकल फॉल्ट
- बीते दिनों आई आंधी से खंभे और तार क्षतिग्रस्त
केस-1
शाम 7 से रात 1:30 बजे तक रोस्टिंग, सुबह 4 बजे फिर से बिजली गुल
नौगढ़। क्षेत्र में 13 मई को आई तेज आंधी ने बिजली व्यवस्था को प्रभावित कर दिया। लगभग 80 बिजली के खंभे टूटकर गिर गए। मरम्मत के बाद भी व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट सकी। रविवार शाम 7 बजे से रात 1:30 बजे तक रोस्टिंग रही। सोमवार सुबह 4 बजे फिर से बिजली गुल हो गई। दिन में केवल दो घंटे आपूर्ति मिली और रात 11:20 बजे बिजली आई। इसके बाद भी हर एक-दो घंटे पर कटौती जारी रही। चिकनी, सेमरसाधोपुर, जमसोती, लौवारी, नरकटी और हिनौतघाट जैसे गांवों में लोगों को रात में सिर्फ दो से तीन घंटे बिजली मिल रही है।
केस-2
तीन घंटे की रोस्टिंग के बाद भी चार घंटे बिजली गुल
टांडाकला। धानापुर से जुड़े मारूफपुर पाॅवर हाउस क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर में रोस्टिंग के हिसाब से तीन घंटे की कटौती हुई, शाम चार बजे आपूर्ति बहाल होने के एक घंटे बाद फिर से बिजली कट गई। रात नौ बजे फिर से आपूर्ति बहाल हुई लेकिन लो वोल्टेज से न पंखे चल रहे थे न कूलर और एसी। रमदत्तपुर गांव में बीते दिनों आई आंधी के कारण लगभग 20 दिन बाद भी बिजली का पोल सड़क पर गिरा हुआ है। इससे अभी तक तीन घरों की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है।
विज्ञापन

केस3
हर दो घंटे पर बिजली कटौती, नर्सरी डालने के सीजन में नलकूप बंद
बबुरी। क्षेत्र में शेड्यूल के नाम पर महज 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल रही है, वो भी कई टुकड़ों में। पूरी रात बिजली गायब रहती है। कुछ समय के लिए आती भी है और चली भी जाती है पूरी रात यही प्रक्रिया चलती रहती है। दिन में भी हर एक-दो घंटे पर कटौती की जा रही है। किसानों का कहना है कि धान की नर्सरी डालने का सीजन चल रहा है लेकिन बिजली न मिलने से नलकूप नहीं चल पा रहे हैं। इससे सिंचाई ठप है। आटा चक्की, वेल्डिंग, इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग जैसे काम पूरी तरह ठप हैं।
केस-4
100 गांवों में 24 घंटे में 10 घंटे ही मिल रही बिजली
कंदवा। अमड़ा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 100 गांवों के करीब 20 हजार उपभोक्ताओं को दिन के बाद रात में भी राहत नहीं मिल रही है। वहीं रोस्टर के हिसाब से बिजली न मिलने से उपभोक्ता परेशान हैं। चिलचिलाती गर्मी में हालात यह है कि अमड़ा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांवों में महज 10 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। उसमें भी लो वोल्टेज और ट्रिपिंग से लोग परेशान हैं। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों एवं छोटे बच्चों को हो रही है।
- रात के 12 घंटे में 8 से ज्यादा बार कटौती
- दिन के 12 घंटे में सिर्फ 3 से 4 घंटे आपूर्ति
- प्रभावित गांव 240 से ज्यादा
- ग्रामीण क्षेत्रों में घोषित आपूर्ति 18 से 20 घंटे
- वास्तविक आपूर्ति कई क्षेत्रों में 10 से 12 घंटे से भी कम

परेशान ग्रामीणों की बात
बिजली कटौती ने आम आदमी की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। भोजन करने और सोने के समय हो रही बिजली कटौती के चलते घर के बाहर टहलना पड़ रहा है।-अनुज सिंह, इमिलिया।


कार्रवाई, जांच, बकाया वसूली और लोड बढ़ाने का काम तो जारी है लेकिन विद्युत आपूर्ति पर किसी का ध्यान नहीं है। उपभोक्ता बिजली बिल भी दे रहे हैं और परेशान भी हो रहे हैं। शिवबच्चन सिंह, चिरईगांव।

-
जमानिया से हो रही 10-12 घंटे की अघोषित कटौती के चलते दिन का चैन व रात की नींद उड़ गई है। सरकार के दावे के उलट बिजली मिल रही है। रात में हो रही कटौती लोगों को बेचैन कर रही है। देवेंद्र कुमार यादव, तलाशपुर
-
उमसभरी गर्मी में जमानिया से रात में चार-पांच बार हो रही अघोषित व अनियमित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। बिजली के अभाव में घर और बाहर रहना भी मुश्किल हो गया है। अच्युतानंद त्रिपाठी, कंदवा
-
विगत दिनों आई आंधी के कारण बेपटरी हुई बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो पाई है। चिकनी के 60 घरों में बिजली न मिलने से पानी के लिए भी परेशानी हो रही है। रात को 12 घंटे में 10 बार बिजली कट रही है।-शिव कुमार यादव, चिकनी।

-
नौगढ़ क्षेत्र में बिजली की परेशानी बनी हुई है। सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली देने के निर्देश के बावजूद रात में सिर्फ दो से तीन घंटा ही बिजली रहती है। कार्तिकेय केसरी, नौगढ़।



ओवरलोड के कारण जमानिया से ही मुख्य आपूर्ति ठप कर दी जा रही है जिससे भीषण उमस भरी गर्मी में उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जितनी आपूर्ति जमानिया से मिल रही है, उतनी बिजली दी जा रही है। घनश्याम, अवर अभियंता, अमड़ा विद्युत उपकेंद्र।




पिछले दिनों आए आंधी-पानी के कारण खंभे व तार टूटने का असर बिजली आपूर्ति पर पड़ा है। जिले के तीनों डिविजन के अधिशासी अभियंताओं को बिजली आपूर्ति में सुधार के निर्देश दिए गए हैं। शीघ्र ही आपूर्ति व्यवस्थित करा दी जाएगी। जसमीर सिंह, एसई, चंदौली।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें