पीडीडीयू नगर।शहाबगंज विकासखंड के बड़ौरा गांव के शौचालयों का अधूरा कार्य मिलने पर तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव विकास सिंह को एडीओ पंचायत ने कारण बताओ नोटिस जारी किया। हालांकि पंचायत सचिव का तबादला अब सकलडीहा ब्लाक में हो चुका है। एडीओ पंचायत के भौतिक सत्यापन में 288 शौचालयों का निर्माण अधूरा मिला। शिकायत के दो वर्ष बाद एडीओ पंचायत अरविंद सिंह ने जांच कराई। मामला सही पाया गया तो कार्रवाई की गई।
गांव के मिथिलेश सिंह ने शौचालय निर्माण की जांच कराने के लिए दो साल पहले आनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज की थी, तब अफसरों ने संज्ञान नहीं लिया। बाद में डीएम ने अफसरों को जांच के लिए निर्देशित किया तो सारा मामला उजागर हो गया। गांव के पूर्व प्रधान और तत्कालीन पंचायत सचिव विकास सिंह पर 288 शौचालयों की धनराशि में अनियमितता करने का आरोप लगा है। गबन करने का आरोप लगने के बाद ब्लाक के एडीओ पंचायत की जांच में इसकी पुष्टि हुई। अब मामले में एडीओ ने नोटिस जारी कर पंचायत सचिव से स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। गांव में कुल 458 निजी शौचालय बनाने का लक्ष्य दिया गया था। इनमें से केवल 143 शौचालयों का निर्माण कराया गया है व 27 शौचालय अपूर्ण हालत में हैं।