विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए दो वाहनों की अनुमति के सापेक्ष एक राजनीतिक दल के चुनाव कार्यालय के बाहर शनिवार की शाम खड़े सात वाहन पाए जाने पर व्यय प्रेक्षक की रिपोर्ट पर मुगलसराय विधानसभा के रिटर्निंग ऑफिसर मनोज कुमार पाठक ने प्रत्याशी को नोटिस जारी कर 24 घंटे के अंदर जवाब मांगा है।
इसकी जानकारी देते हुए रिटर्निंग ऑफिसर मनोज कुमार पाठक ने बताया कि व्यय प्रेक्षक शनिवार की शाम क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी बीच एक राजनीतिक दल के चुनाव कार्यालय के बाहर स्टिकर व झंडे लगे सात प्रचार वाहन खड़े पाए गए। जब उन्होंने मामले की जांच कराई तो उसमें उक्त प्रत्याशी द्वारा सिर्फ दो वाहनों की अनुमति लिए जाने की पुष्टि हुई। इस पर व्यय प्रेक्षक ने रिटर्निंग ऑफिसर को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। इस संबंध में रिटर्निंग ऑफिसर ने बताया कि प्रत्याशी को नोटिस जारी की गई है। यदि 24 घंटे के अंदर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के तहत विधिक कार्यवाही की जाएगी।