पीडीडीयू नगर। कोरोना का प्रभाव कम होते ही रेलवे लगातार नई ट्रेनों को चला रहा है। इसी क्रम में अब जसीडीह से पुणे और आसनसोल से अहमदाबाद के लिए दो जोड़ी नई ट्रेनों को चलाया गया है। दोनों ट्रेनें पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से होकर गुजरेंगी। इससे यहां के यात्रियों को औद्योगिक शहरों के लिए आवागमन में आसानी होगी। दोनों ट्रेनें स्पेशल हैं और इसमें बिना रिजर्वेेशन के यात्रा की मनाही है।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए पटना पीडीडीयू के रास्ते आसनसोल से अहमदाबाद और जसीडीह से गया पीडीडीयू जंक्शन के रास्ते पुणे के लिए नई ट्रेनें चलाई गई हैं। जसीडीह पुणे स्पेशल एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार को पुणे से सुबह 06.35 बजे खुलकर मनमाड़, इटारसी, प्रयागराज छिवकी होते हुए अगले दिन भोर में 06.40 बजे पीडीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। यहां से सासाराम, गया, किऊल और झाझा होते हुए शाम पौने चार बजे जसीडीह पहुंचेगी। इसी तरह प्रत्येक रविवार को जसीडीह से रात 08.25 बजे खुलकर झाझा, किऊल, गया, सासाराम होते हुए सुबह 05.40 बजे पीडीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। यहां से प्रयागराज छिवकी, इटारसी, मनमाड होते हुए अगले दिन सुबह 09.40 बजे पुणे पहुंचेगी। इसी तरह आसनसोल अहमदाबाद एक्सप्रेस मधुपुर से शाम चार बजे खुलेगी। यह ट्रेन जसीडीह, झाझा, किऊल, पटना, दानापुर, आरा, बक्सर होते हुए रात 12 बजकर 05 मिनट पर पीडीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद प्रयागराज छिवकी, खजुराहो, इटारसी, भुसावल, सूरत, बड़ोदरा होते हुए सुबह नौ बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।