नेताजी एक्सप्रेस की स्प्रिंग टूटने से रेल प्रशासन हलकान हो गया। पंडित दीनदयाल जंक्शन पर कर्मचारियों की सतर्कता से इसका पता चला तो सबके होश उड़ गए। बाद में खराब कोच को बाहर निकाला गया और दूसरा कोच जोड़कर ट्रेन को रवाना किया गया।
हावड़ा से कालका जा रही नेताजी एक्सप्रेस के एसी कोच की स्प्रिंग टूटी मिली। पं दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर कर्मचारियों की सतर्कता से इसका पता चल गया और बड़ा हादसा टल गया। एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार नेताजी एक्सप्रेस टूटे स्प्रिंग के सहारे पीडीडीयू जंक्शन पहुंची थी। यहां खराब कोच को काटकर अलग किया गया और दूसरा कोच जोड़ कर ट्रेन को आगे रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन ढाई घंटे रेलवे स्टेशन पर रुकी रही।
विज्ञापन
नेताजी एक्सप्रेस सोमवार की सुबह 9.17 बजे पीडीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या सात पर पहुंची। स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने के पूर्व रोलिंग की जांच कर रहे कर्मियों की नजर एसी कोच बी 1 पर पड़ी तो पहिये के पास स्प्रिंग टूटी दिखी। इसकी सूचना कंट्रोल को दी गई। इस सूचना से विभागीय अधिकारियों में खलबली मच गई। स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह, डीएमई धीरज कुमार, एचआई अभिषेक यादव, अक्षय कुमार के साथ आरपीएफ और जीआरपी कर्मी पहुंच गए।
जांच में पता चला कि टूटे स्प्रिंग के सहारे ट्रेन आगे बढ़ी तो दुर्घटना हो सकती है। इसके बाद खराब कोच के यात्रियों को नीचे उतारा गया। कोच को काटकर अलग किया गया। इसके बाद दूसरा कोच जोड़ कर ट्रेन को आगे रवाना किया गया। ट्रेन ढाई घंटे बाद पौने 12 बजे आगे के लिए चली। इसके पहले 31 दिसंबर को भी नेताजी एक्सप्रेस के एसी कोच कि स्प्रिंग टूटी मिली थी। उस दिन भी कोच को काटकर ट्रेन रवाना किया गया था। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह ने बताया कि जांच में नेताजी एक्सप्रेस के कोच की स्प्रिंग टूटी मिली। कोच बदल कर ट्रेन आगे रवाना किया गया है।