चंदौली। कार्यों में लापरवाही और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पर एसपी आकाश पटेल ने सख्त कार्रवाई की है। धानापुर थाने में अतिरिक्त निरीक्षक के पद पर तैनात सलील स्वरूप आदर्श को बुधवार को निलंबित कर दिया गया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
विज्ञापन
एसपी आकाश पटेल ने बताया कि निरीक्षक सलील स्वरूप आदर्श की ओर से सरकारी कार्यों में रुचि नहीं लेने और पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने की शिकायत मिली थी।
थाना प्रभारी की अनुपस्थिति में जनसुनवाई के लिए उपस्थित नहीं होने के साथ ही शांति व्यवस्था ड्यूटी और शाम की गश्त में भी वह शामिल नहीं हो रहे थे। इसके अलावा उच्चाधिकारियों की ओर से जारी आदेशों और निर्देशों का अनुपालन भी नहीं किया जा रहा था।
विज्ञापन
एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन और कार्यकुशलता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, उदासीनता और अनुशासनहीनता बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। संवाद