पीडीडीयू नगर। एनसीसी 91 यूपी बटालियन की ओर से रविवार को पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज के परिसर में एनसीसी का स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर हुई गोष्ठी में एनसीसी को राष्ट्र पुनर्निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाला बताया।
गोष्ठी में कमान अधिकारी कर्नल एसके गोस्वामी ने बताया कि देश की स्वतंत्रता के बाद राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के उद्देश्य के साथ राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की स्थापना की गई। यह समाज में अनुशासन, देशभक्ति, संवेदना और समाज सेवा का भाव जागृत करने वाली संस्था है। एनसीसी ने देश की प्रशासनिक व्यवस्था के साथ मिलकर सामुदायिक विकास कार्य और राहत कार्य में अहम योगदान दिया है। चाहे युद्ध काल के दौरान देश की आंतरिक सुरक्षा और शांति व्यवस्था हो या फिर कोरोना महामारी के दौरान जनसामान्य की मदद हो, एनसीसी ने हर कदम पर देश की सेवा की है। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी कर्नल तरुण खन्ना, मुख्य अधिकारी मेजर अमरेंद्र सिंह, लेफ्टिनेंट मुखराम के साथ बटालियन के सभी सैनिक एवं विद्यालय के सभी छात्र-छात्रा सैनिक रहे।