शिकारगंज। चकिया क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर का शूटिंग रेज बनाया जाएगा। क्षेत्र के गनेशपुर गांव स्थित पांच एकड़ भूमि में शूटिंग रेंज बनाये जाने को लेकर मंगलवार को एसडीएम प्रेम प्रकाश मीणा ने भूमि का अवलोकन किया। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग रेंज का यहां निर्माण हो सकेगा। इससे रोजगार के साथ लोगों की आर्थिक स्थिति भी सुधरेगी।
क्षेत्र में विकास की कवायद को लेकर शासन के निर्देश पर राजस्व कर्मियों की टीम के साथ एसडीएम चकिया मंगलवार को विकासखंड क्षेत्र के गनेशपुर गांव पहुंचे। गांव स्थित लगभग पांच एकड़ सरकारी भूमि पर शूटिंग रेंज बनाने के लिए उपयुक्त बताते हुए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने की बात कही। पिछले माह यूपी राइफल एसोसिएशन व यूपी स्टेट राइफल एसोसिएशन ने सरकार को पत्रक सौंपते हुए तहसील स्तर पर शूटिंग रेंज बनाने जाने की मांग की थी । शूटिंग रेंज बनाए जाने को हरी झंडी दिखाते हुए शासन ने एक पत्र जिलाधिकारी के माध्यम से तहसील प्रशासन को भेजा था। मंगलवार को एसडीएम ने राजस्व कर्मियों को लगाकर भूमि की तलाश कराई। गणेशपुर में भूमि उपलब्ध होने पर इसका अवलोकन जाकर किया। गणेशपुर ग्राम पंचायत में पांच एकड़ जमीन इसके लिए चिह्नित की गई है। इससे नए निवेश को प्रोत्साहन के साथ ही शूटिंग रेंज स्थापित होने से क्षेत्र में विकास की संभावना बढ़ी है। शूटिंग रेंज बनने से निशानेबाजी क्षेत्र से जुड़े खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। यहां चंदौली, वाराणसी व आसपास के जिलो के खिलाड़ी भी आकर अभ्यास कर सकेंगे।