पीडीडीयू नगर। आनंद विहार से पुरी जा रही डाउन नंदन-कानन एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार की रात पीडीडीयू जंक्शन के आगे दो भागों में बंट गई। ट्रेन की गति धीमी होने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ। ट्रेन दो भागों में बंटने से यात्रियों में चीख-पुकार मची रही। बाद में ट्रेन को वापस जंक्शन पर लाया गया। टूटी कपलिंग वाले कोच को अलग कर रात लगभग एक बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
ट्रेन अपने निर्धारित समय शाम 6:25 बजे से तीन घंटे देरी से जंक्शन पर पहुंची। रात साढ़े नौ बजे यह प्लेटफाॅर्म संख्या एक से गया के किए रवाना हुई। ट्रेन स्टेशन से छह किमी दूर जंक्शन हट के पास पहुंची थी, तभी स्लीपर कोच संख्या एस-4 की कपलिंग टूट गई। इससे इंजन सहित छह कोच 200 आगे बढ़ गए, जबकि एसी कोच, पेंटरीकार, गार्ड बोगी सहित 15 कोच पीछे रह गए। ट्रेन दो हिस्से में बंटी तो यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन मैनेजर की सूचना पर चालक ने ट्रेन रोकी और सूचना कंट्रोल को दी। सूचना से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एक घंटे बाद ट्रेन के दोनों हिस्सों को वापस पीडीडीयू जंक्शन लाया गया। टूटी कपलिंग वाले एस-4 कोच को अलग किया गया। इसके बाद ट्रेन के दोनों भाग को जोड़कर रात एक बजे ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। नंदन-कानन एक्सप्रेस के दो भागों में बंट जाने के कारण यात्रियों में खलबली मच गई थी। जंक्शन पर पहुंचने पर ट्रेन के यात्रियों के चेहरे पर खौफ दिखा। उनका कहना था कि यदि ट्रेन की रफ्तार तेज रहती तो बड़ा हादसा हो सकता था। दिल्ली से पुरी जा रहे एस-4 कोच में सवार महेंद्र कुमार ने बताया कि रात में वे शौच जाने के लिए उठे थे। शौचालय के पास अंधेरा नजर आया। दूर इसी लाइन पर एक और ट्रेन दिखी। पता चला कि इसी ट्रेन का बाकी हिस्सा है। तारा बदो दास दिल्ली से मेदिनीपुर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि रेलवे की लापरवाही से हादसा हुआ। दिल्ली से पुरी जा रहे कान्हा ने बताया कि गति कम होने से हल्का झटका लगा। संगीता सिंह ने बताया कि वह एस-4 में बैठी थीं। अचानक धुंआ उठा और झटका लगा। ट्रेन रुकी और बाहर झांकीं तो ट्रेन दो हिस्सों में बंटी दिखी। उधर, नंदन-कानन एक्सप्रेस दो हिस्सों में बंटने के कारण डाउन रूट पर ट्रेनों का परिचालन रुक गया। स्थिति यह रही कि लखनऊ से पटना जा रही वंदे भारत, वाराणसी से राजगीर जा रही बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें तीन घंटे तक रेलवे यार्ड में खड़ी रहीं। स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह ने बताया कि कपलिंग टूटने के कारण ट्रेन दो हिस्सों में बंटी थी। टूटी कपलिंग वाले कोच को अलग कर ट्रेन आगे के लिए रवाना किया गया।