सकलडीहा में आमरण अनशन पर बैठे नायब तहसीलदार हिम्मत बहादुर। संवाद
सकलडीहा। हमीरपुर सदर में नायब तहसीलदार हिम्मत बहादुर जमीन पर कब्जा न मिलने पर शनिवार को सकलडीहा तहसील परिसर में अनशन पर बैठ गए। उनका आरोप है कि लेखपाल ने रिश्वत लेकर उनकी धूमिधरी जमीन पर दूसरे पक्ष का कब्जा करा दिया। कई बार शिकायत के बावजूद अधिकारियाें ने कार्रवाई नहीं की। जिस समय नायब तहसीलदार अनशन पर बैठे थे, उसी समय जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल तहसील में ही संपूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई कर रहे थे। मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने जांच के लिए टीम गठित करने का निर्देश दिया।
तहसील परिसर में बैनर लगाकर अनशन पर बैठे नवही गांव के हिम्मत बहादुर ने बताया कि मार्च 2025 में सेवखर कला गांव में करीब सवा दो बिस्वा भूमिधरी जमीन खरीदी थी। जुलाई 2025 में जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए आवेदन किया था। एक वर्ष बीतने के बाद भी कब्जा नहीं मिल पाया। कई बार अधिकारियों से लिखित और मौखिक शिकायत की लेकिन मांग पूरी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें अपनी जमीन पर कब्जा नहीं दिलाया जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी तब तक अनशन जारी रहेगा।
उप जिलाधिकारी आकांक्षा सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सकलडीहा तहसीलदार अनुराग सिंह ने बताया कि शिकायत भूमिधरी जमीन पर कब्जे से संबंधित है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है।
सकलडीहा में आमरण अनशन पर बैठे नायब तहसीलदार हिम्मत बहादुर। संवाद