पीडीडीयू नगर। बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाने के बावजूद यात्रियों को राहत नहीं मिल रही है। मुंबई जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा मारामारी है। इस रूट की किसी भी ट्रेन में एक जनवरी तक सीटें खाली नहीं है। 15 दिसंबर तक प्रत्येक ट्रेन में सौ से ज्यादा वेटिंग चल रही है।
दुर्गा पूजा, दीपावली, डाला छठ पर बड़ी संख्या में लोग महानगरों से आए थे। त्योहारों के बाद कामगारों की वापसी का सिलसिला जारी है। अप की ट्रेनों में सीट को लेकर अभी भी मारामारी जारी है। विशेष कर मुंबई जाने वाली ट्रेनों में सीट मिलना मुश्किल दिख रहा है। रेलवे की ओर से यात्रियों की भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेन चलाई गई है लेकिन इसमें भी सीट उपलब्ध नहीं है। मुंबई जाने वाली ट्रेन में एक जनवरी तक किसी ट्रेन में सीट उपलब्ध नहीं है। मंगलवार की शाम चार बजे तक दो जनवरी को पटना बांद्रा एक्सप्रेस के इकानॉमी क्लास में एक सीट उपलब्ध है। स्लीपर में छह, थर्ड एसी में दो वेटिंग रही। इसी तरह पटना लोकमान्य तिलक जनता एक्सप्रेस के स्लीपर में 11, इकानॉमी में एक, थर्ड एसी में तीन वेटिंग रही।
इसके पहले 24 दिसंबर को जनता एक्सप्रेस के स्लीपर में 22, इकॉनामी क्लास में दो, थर्ड एसी में दो, मुंबई मेल के स्लीपर में 35, इकानॉमी में सात, थर्ड एसी में छह, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस के स्लीपर में 25, थर्ड एसी में 13, भागलपुर लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के स्लीपर मतें 21, थर्ड एसी में नौ नंबर वेटिंग रही। पांच दिसंबर की बात करें तो पटना बांद्रा एक्सप्रेस के स्लीपर में 46, इकानॉमी में 15, थर्ड एसी में 20, पटना लोकमान्य तिलक जनता एक्सप्रेस के स्लीपर में 65, थर्ड एसी में 34, रांची लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के स्लीपर में 123, थर्ड एसी में 65, मुंबई मेल के स्लीपर में रिग्रेट, थर्ड एसी में 31 वेटिंग रहा। इस संबंध में पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि यात्रियों की भीड़ को देखते हुए कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं।