पीडीडीयू नगर में बंद रही दुकानें।
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। कोरोना वायरस संक्रमण के फैलाव को देखते हुए प्रशासन ने रविवार को पूूर्ण बंदी की घोषणा की है। शनिवार को पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने व्यापारियों और दुकानदारों संग बैठक कर दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया। रविवार को जिले के अधिकतर बाजार पूरी तरह से बंद रहे। वहीं चकिया में मंगलवार को साप्ताहिक बंदी रहेगी। बाजार बंद होने से चाय पान की दुकानें भी बंद रही। पीडीडीयू नगर सहित अन्य बाजारों में सन्नाटा रहा। गिनती के वाहन सड़क पर दिखाई दिए।
कोरोना वायरस संक्रमण के चलते 25 मार्च से पूरे देश में लॉकडाउन लागू हो गया और बाजार पूरी तरह बंद हो गए। बाद में कई बंदिशों के साथ एक जून से अनलॉक वन लागू करते हुए बाजार पूरी तरह खोल दिया गया। हालांकि इसमें भी दुकानों के लिए रोस्टर तय कर दिए गए। बावजूद इसके बाजार से भीड़ कम नहीं हो रही है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं होने से जिले में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसको देखते हुए एक जुलाई से शुरू हुए अनलॉक टू में जिला प्रशासन ने रविवार को पूरी तरह बंदी की घोषणा की। वहीं अन्य दिनों में सड़क के दोनों की ओर की दुकानों बारी-बारी से खोलना है। शनिवार को पड़ाव से आते समय दाहिने हाथ की दुकानें बंद रही। अब सोमवार को बाएं हाथ की दुकानें बंद रहेेगी। रविवार को बाजार पूरी तरह बंद रहे। जीटी रोड ही ही गल्ला मंडी, परमार कटरा, लाल बहादुर शास्त्री कटरा सहित गलियों की दुकानें भी बंद रही। चाय पान की दुकानें नहीं खुलीं। इसके साथ ठेले खोमचे वाले भी बाजार में नहीं आए। इससे बाहर निकलने वालों को दिक्कत हुई। दुकानों के बंद रहने से बाजार में पूरी तरह सन्नाटा रहा।
पड़ाव। जिला प्रशासन की घोषणा के बाद पड़ाव चौराहे की दुकानें रविवार को पूरी तरह बंद रही। चाय-पान की दुकानें भी बंद रही। इससे लोग चाय पान के लिए परेशान रहे। इसके पूर्व शनिवार की शाम पुलिस ने ध्वनि प्रसारण यंत्रों से दुकानदारों से रविवार को दुकान बंद रखने का निर्देश दिया था। चौराहे पर केवल शराब और मेडिकल स्टोर्स ही खुले रहे। चौराहे पर ऑटो रिक्शा और सरकारी बसें हीं दिखाई दी।