दुलहीपुर। जिले में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, लेकिन साहूपूरी से चौरहट पड़ाव मार्ग अभी भी सरकारी तंत्र की अनदेखी का शिकार है। तीन किमी लंबी इस सड़क में करीब 700 गड्ढे हैं, जो राहगीरों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं। इस मार्ग पर एनडीआरएफ, बिजली विभाग, रेलवे कर्मचारियों के साथ ही 30 गांवों के लोगों का आना-जाना है। साहूपूरी फैक्ट्री में कोल स्टोर होने के कारण 500 ट्रकों का रोजाना आवागमन होता रहता है, जिससे सड़क की हालत खराब हो गई है।
18 मार्च 2025 को क्षेत्रीय विधायक रमेश जायसवाल ने इस मार्ग का शिलापट्ट लगाकर उद्घाटन किया था, लेकिन इसके बाद भी सड़क की दुर्दशा में कोई सुधार नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग की मरम्मत कराई जाए और इसे सुरक्षित बनाया जाए। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर गड्ढों के कारण उनकी जान जोखिम में है और वे प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग करते हैं।
साहूपूरी-पड़ाव मार्ग पर पांच से ज्यादा ब्लैक स्पॉट हैं लेकिन कहीं भी चेतावनी बोर्ड नहीं हैं। तीव्र मोड़ पर रेलिंग भी नहीं लगाई गई है। ब्लैक स्पॉट चौरहट तिराहे, शमीम नेता कि गली, बखरा, व्यासपुर तिराहे तो वहीं एनडीआरएफ गेट तक हैं। जहां पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। संवाद
साहूपूरी से पड़ाव के बीच की दूरी केवल तीन किलोमीटर है और इस बीच में 700 गड्ढे हैं। हादसों में तो कई लोग घायल हो चुके हैं। ऐसे में इस मार्ग को जल्द बनना चाहिए। -नौशाद अहमद सिद्दिकी, पूर्व प्रधान
मैं चावल व्यापारी हूं, अपने गद्दी पर रोजाना पड़ाव जाता हूं। लेकिन रास्ता बेहद खराब है। पूरे रास्ते में गड्ढे ही गड्ढे हैं। -रामवृक्ष विश्वकर्मा, व्यवसायी
कोयला स्टोर से लोडेज ट्रकों के सर्वाधिक आवागमन की वजह से ही मार्ग खराब हुआ है। जगह-जगह काफी गहरे गड्ढे हैं। -विनोद सिंह, शिक्षक
गड्ढों के कारण हादसे का खतरा बना है। तीव्र मोड़ पर कोई संकेतक बोर्ड नहीं है। रेलिंग भी नहीं लगाई गई है। -कार्तिक सिंह, अध्यक्ष, डेमोक्रेटिक बार मुगलसराय
कोट-
मार्ग का निर्माण जल्द से जल्द होना है। 12 करोड़ का कार्य स्वीकृत हुआ है। इस मार्ग कोनव तकनीकी रैप मशीन से बनाना है। ठेकेदार को मशीन उपलब्ध नहीं हो पा रही है जिसके कारण मार्ग बनाने में विलंब हो रहा है। -राजेश कुमार, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग