पुलिस ने दो स्थानों पर छापा मारकर बरामद किया 600 लीटर डीजल
नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के बिछड़ी में पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापा मारकर कुल 600 लीटर डीजल बरामद किया। सीओ राजीव सिसौदिया के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में एक अहाते से 500 लीटर और दूसरे स्थान से 100 लीटर तेल जब्त किया गया। छापे के दौरान पुलिस को टैंकर से तेल चोरी करने वाले उपकरण भी मिले हैं। 18 मई को भी पुलिस ने रात में नियामताबाद के हमीदपुर गांव में छापा मारकर तेल बरामद किया था।
जिन जगहों पर यह अवैध धंधा चल रहा था, उनमें से एक इंदिरा आवास योजना के अंतर्गत आवंटित जमीन पर बना हाता है। फिलहाल पुलिस ने तेल और उपकरणों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की तलाश जारी है। अलीनगर में तेल चोरी का यह खेल काफी पुराना है। डिपो से तेल लेकर पेट्रोल पंपों तक जाने वाले टैंकरों को बीच में रोककर उनमें से कुछ तेल निकाल लिया जाता है। सीओ राजीव सिसौदिया ने बताया कि जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। अभियान में अलीनगर थाना प्रभारी विनोद मिश्रा भी शामिल रहे।
18 मई की रात मुगलसराय क्षेत्र के हमीदपुर गांव में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध पेट्रोलियम पदार्थों के भंडारण और कटिंग के एक बड़े रैकेट का खुलासा किया था। उप जिलाधिकारी डीडीयू नगर अनुपम मिश्रा और क्षेत्राधिकारी राजीव सिसोदिया के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में कई ड्रमों में भरा हुआ डीजल-पेट्रोल और अन्य उपकरण जब्त किए गए, जिन्हें अवैध रूप से एक गोदाम में रखा गया था। एसडीएम अनुपम मिश्रा ने कहा था कि बरामद तेल और उपकरणों की जांच की जा रही है और जो भी व्यक्ति या समूह इस अवैध कारोबार में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद से पुलिस लगातार अवैध तेल के भंडारण के खिलाफ अभियान चला रही थी। बृहस्पतिवार को अलीनगर के दो स्थानों पर अवैध तेल बरामद किया गया।
-
समय-समय पर छापा मारती है पुलिस फिर हो जाता है जस का तस
अलीनगर में तेल चोरी और अवैध भंडारण का धंधा काफी पुराना है। अलीनगर थाना क्षेत्र में स्थित विभिन्न कंपनियों के आयल डिपो से निकलने वाले टैंकर से अक्सर ड्राइवर और आसपास के तेल माफिया मिलकर तेल चोरी का कारोबार करते हैं। हर साल जब पीडीडीयू नगर के सीओ और अलीनगर के इंस्पेक्टर के साथ एसडीएम की नई तैनाती होती है। तेल चोरी के खिलाफ पुलिस खूब अभियान चलाती है। फिर पता नहीं ऐसा क्या होता है कि मामला शांत हो जाता है और तेल चोरी का काम नहीं रूकता।
-
अब-तक की गई कार्रवाई
-11 अगस्त 2021 को अलीनगर पुलिस ने इंडियन ऑयल के समीप अहाते में टैंकर से अवैध तेल चोरी कर रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया। जो 20 सालों से तेल चोरी में संलिप्त थे।
-10 सितंबर 2021 को अलीनगर पुलिस ने जंसो की मड़ई से टैंकर से तेल चोरी करने वाले चार शातिर चोरों को पकड़ा। वहीं 20 हजार लीटर तेल भरे टैंकर, पाइप, मापक, गैलन समेत अन्य उपकरण बरामद किया।
30 नवंबर 2021 को तत्कालीन डीएम संजीव सिंह के आदेश पर तेल माफिया मोहम्मद इस्तेहार की डेढ़ करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई। वह टैंकरों से लंबे समय से तेल चोरी करता आ रहा था।
1 मई 2024 को अलीनगर पुलिस ने 12 हजार लीटर तेल से फुल टैंकर एक अहाते में बरामद किया। टैंकर से 12870 लीटर डीजल और पेट्रोल बरामद हुआ था। वहीं दबिश के दौरान 1 कार और 3 बाइकें मिलीं थीं।