Crime: अलीनगर थाना के तारापुर क्षेत्र में हुए इस दुस्साहसिक वारदात से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि उस क्षेत्र में दुकानें जल्दी बंद हो गई थीं। सन्नाटे का फायदा उठाकर बदमाश फरार हो गए। फिलहाल पुलिस की पड़ताल जारी है।
पीडीडीयू नगर के अलीनगर थाना के तारापुर रेलवे फाटक के पास शुक्रवार की देर शाम बदमाशों ने बाइक सवार कपड़ा व्यवसायी ज्ञान प्रकाश मिश्रा उर्फ कल्लू (50) को गोली मार दी। गोली व्यवसाई के पीठ में लगी। घटना के बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। घायल व्यवसाई को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए पास के ही एक निजी चिकित्सालय पहुंचाया। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहीं, मौके पर पहुंची जांच पड़ताल में जुटी है।
विज्ञापन
क्षेत्र के महादेवपुर गांव निवासी ज्ञान प्रकाश मिश्रा लंबे समय से जिले भर में दुकानदारों को कपड़े की आपूर्ति करते हैं। प्रतिदिन की तरह दुकानों पर कपड़ा आपूर्ति करने के बाद शुक्रवार की रात करीब आठ बजे बाइक से घर के लिए चले थे। जैसे ही रेलवे फाटक तारापुर को पार किया, वहां पहले से घात लगाए बदमाशों ने इन पर फायर झोक दिया। गोली व्यवसाई के पीठ पर लगी। गंभीर रूप से घायल व्यवसाई वहीं अचेत होकर गिर गए। सुनसान स्थान होने के कारण बदमाश आसानी से रेलवे किनारे से होते हुए भाग निकले।
दूसरी तरफ, गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए और जख्मी ज्ञान प्रकाश को ताराजीवनपुर स्थित एक निजी चिकित्सक में पहुंचाया। चिकित्सक ने हालत गंभीर देख ज्ञान प्रकाश को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। गोली चलने की सूचना पर अलीनगर थानाध्यक्ष शेषधर पांडेय दल-बल के साथ पहुंचे और मौका-मुआयना किया। थानाध्यक्ष ने कहा की गोली से घायल ज्ञान प्रकाश को इलाज के लिए वाराणसी भेजा गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।