धानापुर। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से शनिवार को अमर वीर इंटर कॉलेज के मैदान में खंड स्तरीय ग्रामीण खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। वॉलीबॉल जूनियर बालक वर्ग में मेढान की टीम ने बारी मारी। वहीं, माधोपुर की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए क्षेत्र पंचायत अजय सिंह ने कहा कि सरकार गांवों की प्रतिभा को निखारने का काम कर रही है। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी राजन कुमार यादव ने बताया कि वॉलीबॉल जूनियर बालक वर्ग में मेढान विजेता और माधोपुर उपविजेता रहा। सीनियर बालक वर्ग की 200 मीटर की दौड़ में तोरवा निवासी अंकित कुमार गोंड और जूनियर वर्ग 100 मीटर की दौड़ में विशाल राय ने पहला स्थान हासिल किया। सब जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर की दौड़ में निकनामपुर निवासी विवेक यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर प्रधान संघ के अध्यक्ष राजेश सिंह, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अनीस सिंह, राहुल वर्मा, रजनीश पांडेय, रामविजय यादव, सौरभ सिंह, जयप्रकाश सिंह, नारद सिंह यादव, ज्ञानू सिंह मौजूद थे।