चकिया। स्थानीय कोतवाली के सिकंदरंपुर गांव में विवाहिता पूजा (23) का बृहस्पतिवार की सुबह पंखे की कुंडी में साड़ी के फंदे से शव लटकता मिला।
ससुराल पक्ष के लोगों ने शव को उतार कर अंतिम संस्कार के लिए मिर्जापुर के नरायनपुर पहुंच गए। सूचना पाकर पहुंचे मायके वालों ने अंतिम संस्कार रुकवाया।
पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। नरायनपुर पुलिस की सूचना पर चकिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मायके पक्ष की तहरीर पर पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुगलसराय कोतवाली के जलीलपुर गांव निवासी बालकरन की पुत्री पूजा की शादी 3 वर्ष पहले चकिया कोतवाली के सिकंदरपुर गांव निवासी विजय पटेल के छोटे पुत्र अभिषेक पटेल से हुई थी।
पूजा के 2 वर्ष की बच्ची है। अभिषेक पटेल के घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह वाराणसी में निजी काम करता है।
अभिषेक का बड़ा भाई अपनी पत्नी के साथ दूसरे शहर में रहकर नौकरी करता है।
उसकी मां और पिता की निधन हो चुका है। पूजा अपनी बच्ची के साथ अकेले घर में थी। बृहस्पतिवार की सुबह अभिषेक ने पत्नी को फोन किया लेकिन फोन नहीं उठा। आशंका होने पर उसने पड़ोसियों से घर पहुंच कर बात कराने को कहा।
आस पास के लोग पहुंचे तो घर का दरवाजा बाहर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद दरवाजा नहीं खुला तो आशंकावश खिड़की से अंदर झांक कर देखा तो पूजा पंखे में साड़ी के फंदे के सहारे लटक रही थी।
सूचना पाकर अभिषेक पहुंचा और उसने मायके वालों को सूचित किए बिना शव को अंतिम संस्कार करने के लिए मिर्जापुर के नरायनपुर स्थित रहपुरिया घाट पहुंच गए।
वहीं पड़ोसियों से मिली सूचना पर मायके के लोग भी पहुंच गए। उन्होंने 112 नंबर पर डायल कर पुलिस को बुला लिया और विवाहिता के हत्या की आशंका जताई।
इस पर पुलिस ने शव दाह रोक दिया और चकिया पुलिस को बुलाकर शव उनके सुपुर्द कर दिया।
चकिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। चकिया कोतवाल अतुल प्रजापति ने बताया कि पूजा के पिता बालकरन ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। तहरीर के अाधार पर पति अभिषेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।