क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव में बृहस्पतिवार सुबह सात बजे 30 फीट गहरे कुएं में गिरने से विवाहिता की मौत हो गई।
क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव निवासी वीरेंद्र पाल की पत्नी अर्चना देवी (25) सुबह अपने घर के सामने स्थित कुएं पर पानी भरने के लिए गई थी। उसी दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर पड़ी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आनन-फानन में कुएं से विवाहिता को बाहर निकाला तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मड़वा धनावल गांव निवासी अर्चना की भाभी पुष्पा देवी के पिता अशोक पाल ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव को कुएं में फेंकने का लगाया है।
तहरीर में आरोप लगाया कि अर्चना को उसकी ननद, पति, सास, दोनों देवर दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। आरोप लगाया कि चारों लोग अर्चना की हत्या कर शव को छिपाने के लिए कुएं में डाल दिया।
मृतका के पति ने बताया कि पानी भरते समय पैर फिसलने से पत्नी कुएं में गिर पड़ी। जिससे उसकी मौत हो गई।
अर्चना की चार वर्ष पूर्व शादी हुई थी। उसे तीन वर्षीय एक पुत्री और दो वर्षीय एक पुत्र है।
बेटी की मौत की सूचना पाकर प्रयागराज जिले के कोरांव थाना क्षेत्र के रंगनाथ परसिधिया गांव निवासी अर्चना की मां राजकली भी मौके पर पहुंच गई।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि कुएं में पानी भरने के दौरान गिरने से विवाहिता की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका की भाभी के पिता की तहरीर पर घटना की जांच की जा रही है।