चंदौली। जिले के विभिन्न विभागों के कार्यालय सोमवार को छुट्टी के दिन भी खुले रहे। बजट के भुगतान के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी परेशान दिखाई दिए। अधिकारी 31 मार्च की शाम तक कुल 40 करोड़ रुपये का भुगतान कराने में सफल रहे।
वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन 31 मार्च की तिथि विभागों के लिए महत्वपूर्ण होती है। 31 मार्च क्लोजिंग का महीना होता है। इसे देखते हुए ईद की छुट्टी भी कर्मचारियों और अधिकारियों को कार्यालय बुलाया गया था। सोमवार विभिन्न विभागों के अधिकारी कोषागार व अपने-अपने विभागों के कार्यालयों में कार्य करते नजर आए। प्रमुख रूप से पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य, पुलिस, शिक्षा, वन, डीपीआरओ कार्यालय सहित अन्य विभागों के कार्यालय खुले रहे। इन विभागों की ओर से 40 करोड़ रुपये के बजट का शाम तक भुगतान कराया गया। जिला कोषाधिकारी हरिश्चंद्र का कहना है कि जिले के विभिन्न विभागों की ओर से 40 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ है। यह कार्य शाम तक चला। कोशिश थी कि विभागों की ओर से ज्यादा से ज्यादा बजट का भुगतान कराया जाए।