पीडीडीयू नगर। रेलवे के वीआईपी गेट पर स्थित प्राचीन काली माता मंदिर को फोरलेन सड़क की जद में आने के कारण सुभाष पार्क के समीप रोजा कॉलोनी गेट के समीप शिफ्ट किया जाएगा। मंदिर शिफ्ट करने के लिए बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने जेसीबी से अतिक्रमण हटवाया।
नगर में फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। नगर की देवी के नाम से प्रसिद्ध वीआईपी गेट के समीप पुराना काली मंदिर फोरलेन की जद में आ रहा था। मंदिर पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बना था। उसे पीडब्ल्यूडी की जमीन पर ही शिफ्ट किया जा रहा है। इसको लेकर रोजा कॉलोनी गेट पर पहले से बने हनुमान व शनि मंदिर के समीप विभाग की खाली पड़ी जमीन पर शिफ्ट कराने का निर्णय लिया गया है। सुबह एसडीएम अनुपम मिश्रा व सीओ आशुतोष सहित पीडब्ल्यूडी के जेई व अन्य कर्मचारी जेसीबी लेकर पहुंच गए। यहां पहले से चल रहे चाय-पान आदि की दुकानों को हटवाया गया। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश कुमार ने बताया कि नए बनने वाले मंदिर में पुराने मंदिर में स्थापित मां काली के साथ ही अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमा शुभ मुहूर्त देखकर स्थापित कराई जाएंगी। फोरलेन सड़क के निर्माण के लिए शासन के निर्देश पर यह कार्य किया जा रहा है।