इलिया। चोरों ने मंगलवार को अलग-अलग गांवा में दिनदहाड़े दो घरों के ताले तोड़कर पुलिस के इकबाल का चुनौती दी। इलिया थाना क्षेत्र के खोजापुर चकिया कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में चोर दोनों घरों से नकदी और जेवरात समेट ले गए। पीड़ितों की सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला।
खोजापुर गांव निवासी रामपति विश्वकर्मा मंगलवार को किसी काम से बाहर गए थे। उनकी पत्नी भी कुछ देर के लिए पड़ोस में गई थीं। इसी दौरान चोरों ने घर के बाहर लगे दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद मुख्य कमरे का दरवाजा खोलकर वहां रखा बक्सा तोड़ दिया। चोर बक्से में रखे 10 हजार रुपये नकद, सोने की गले की चेन, कर्णफूल, बाली और अंगूठी तथा चांदी की पायल समेत करीब दो लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए।
कुछ देर बाद घर पहुंची गृहस्वामिनी ने बाहर का टूटा ताला देखा तो उनके होश उड़ गए। अंदर जाने पर कमरे का दरवाजा खुला और बक्सा टूटा मिला। सामान की जांच करने पर नकदी और जेवर गायब मिले। उन्होंने आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी देने के साथ पति को भी सूचना दी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। प्रभारी निरीक्षक हरिनारायण पटेल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
इसी तरह चकिया कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में गांव निवासी दुक्खू विश्वकर्मा के घर को चोरों ने खंगाल दिया। मंगलवार को वह किसी काम से बाहर गए थे। उनका बेटा जोगिंदर विश्वकर्मा सैदूपुर स्थित अपनी दुकान पर था जबकि पत्नी खोजापुर स्थित सती माता मंदिर के पास अपनी दुकान पर गई थीं।
दोपहर करीब 12 बजे मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद कमरे में रखे दो बक्सों का ताला तोड़कर जेवरात समेट ले गए। करीब दो घंटे बाद दुक्खू घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर पहुंचे तो दोनों बक्सों के ताले टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था। संवाद