सैयदराजा के भतीजा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लटकता ताला।
- फोटो : CHANDAULI
सैयदराजा क्षेत्र के भतीजा गांव में बने प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र पर अक्सर ताला लटका रहता है। केंद्र कभी-कभार ही खुला देखने को मिलता है। शनिवार को भी दिन में 11 बजे तक उप स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लटकता रहा। इससे केंद्र पर इलाज कराने पहुंचे ग्रामीणों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्तउप स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों को आकस्मिक चिकित्सा की सुविधा भी नहीं मिलती है। पीएचसी पर तैनात डॉक्टर के अनुपस्थित रहने से मरीजों को विवशता में सैयदराजा पीएचसी की शरण लेनी पड़ती है। ग्रामीणों ने बताया कि यहां तैनात एएननम कभी भी समय से उप स्वास्थ्य केंद्र पर नहीं मिलती हैं। लॉकडाउन लागू होने के बाद स्वास्थ्य केंद्र के बंद रहने से उनकी कठिनाइयां और भी बढ़ गई हैं।
इस संबंध में बरहनी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रितेश कुमार ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कोरोना से संबंधित जानकारी के लिए मीटिंग में उपस्थिति अनिवार्य थी। इसलिए कुछ देर के लिए पीएचसी बंद था। यदि ग्रामीणों ने प्रतिदिन पीएचसी के बंद रहने की शिकायत की तो इसकी जांच कराई जाएगी।