इंडियन बैंक के लॉकरों में 30 जनवरी की रात सेंधमारी कर हुई करोड़ों की चोरी का मामला एक बार फिर गरमाता नजर आ रहा है। चोरी से पीड़ित लॉकरधारियों ने मामले में कानूनी लड़ाई के साथ बैंक की लॉकर पॉलिसी में बदलाव करने की मांग को लेकर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। उन्होंने लुटे लॉकरों के मामले में पुलिस की ओर से की गई अब तक की कार्रवाई पर असंतुष्टि भी जाहिर की है।
पीड़ित लाकरधारियों का आरोप है कि पुलिस मामले में पीड़ितों को मदद का बार-बार आश्वासन दे रही है जबकि कार्रवाई के नाम पर शांत बैठी है। मामले में पुलिस ने बैंक के 40 लॉकरों को काटकर चोरी करने के मामले में शामिल आठ चोरों को गिरफ्तार तो किया है पर लॉकरों से गायब गहनों व अन्य चीजों का अब तक पता नहीं लगा पाई है। इससे नाराज बैंक के उपभोक्ता एक बार फिर अपने हक की लड़ाई शुरू करने जा रहे हैं। वे बैंक के साथपुलिस अधीक्षक कार्यालय पर भी प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगामी छह अप्रैल को एक बार फिर से आंदोलनकारी पहले बैंक के सामने धरना देंगे और उसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर भी प्रदर्शन करेंगे। साथ ही साथ मामले में हुई अब तक की कार्रवाई की अपडेट जानने की कोशिश करेंगे। चोरी के मामले में छह अप्रैल को अदालत में बैंक के आला अधिकारियों की पेशी भी होनी है।