अलीगढ़ जनपद में देसी शराब पीने से 64 लोगों की मौत होने के बाद जिला प्रशासन और आबकारी विभाग हरकत में आ गया है। सीओ नक्सल श्रुति गुप्ता ने थानाक्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण करने के बाद रविवार को कस्बा स्थित देसी-विदेशी शराब और बीयर की दुकानों पर छापामारी की। इस दौरान उन्होंने शराब के बोतलों की सील, होलोग्राम, मिलावट की जांच की और रजिस्टर से शराब के स्टॉक का भी मिलान किया। सेल्समैनों को चेतावनी दी कि दुकान में बैठाकर शराब पिलाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छापामारी करने पहुंची सीओ ने पहले देसी शराब और बाद में विदेशी शराब और बीयर की दुकान का स्टाक रजिस्टर, बिक्री, रेट लिस्ट सहित अन्य अभिलेख चेक किए। निरीक्षण के दौरान देसी शराब की दुकान का लेखा-जोखा ठीक न मिलने पर नाराजगी प्रकट की। सेल्समैन सुरेश के दुकान का रिन्यूअल लाइसेंस से संबंधित कागजात न दिखाने पर कड़ी हिदायत देते हुए दो दिन के अंदर कार्यालय में आईडी प्रूफ और लाइसेंस के कागजात जमा करने को कहा। सीओ ने बताया कि शराब की दुकान का लाइसेंस और सेल्समेन का भी सत्यापन किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी रामउजागिर, चौकी इंचार्ज चंद्रप्रभा राम नयन यादव मौजूद थे।