सकलडीहा। सकलडीहा इंटर कॉलेज का खेल ग्राउंड पिछले चार माह से जलमग्न होकर झाड़ झंखाड़ से पटा है। महाविद्यालय और ब्लॉक मुख्यालय की जाने वाला मार्ग भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। कॉलेज रोड और खेल मैदान में साफ-सफाई कराने की मांग को लेकर बुधवार को अधिवक्ताओं ने कांग्रेस महासचिव देवेंद्र प्रतात सिंह मुन्ना के नेतृत्व में एसडीएम अजय मिश्रा को पत्रक सौंपा। एसडीएम से समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया। वहीं कांग्रेस नेता ने समस्याओं का समाधान नहीं होने पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार सिर्फ विकास के झूठे वादे कर रही है। पिछले चार माह से खेल मैदान में पानी भरा हुआ है। इसके साथ ही सकलडीहा महाविद्यालय और ब्लॉक मुख्यालय जाने वाला मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे आने जाने वाले राहगीर, अधिवक्ता व छात्र गिरकर घायल हो रहे हैं। इसके बाद भी तहसील और ब्लॉक के अधिकारी आंखें मूंदे पड़े हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समस्याओं का दो सप्ताह के अंदर समस्या का समाधान नहीं होने पर तहसील मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर अधिवक्ता सुभाष सिंह, विजय प्रताप सिंह, मुकेश कुमार, बृजेश सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।