पीडीडीयू नगर। गोरखनाथ मंदिर और ताजमहल को उड़ाने की धमकी दिए जाने के बाद स्थानीय रेलवे स्टेशन पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। बृहस्पतिवार की देर रात पीडीडीयू जंक्शन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यात्रियों को लावारिश वस्तुओं को हाथ न लगाने की हिदायत दी गई।
आतंकी संगठन ने प्रदेश में गोरखनाथ मंदिर और ताजमहल पर हमले की धमकी दी है। इसके बाद उच्चाधिकारियों के दिशा निर्देशन में रेलवे सुरक्षा बल डीडीयू पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व में जीआरपी के अधिकारियों के साथ बृहस्पतिवार की रात दस बजे चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान सभी प्लेटफार्म, वेटिंग हाल, रेलवे यार्ड, फुटओवर ब्रिज, बुकिंग कार्यालय, पोर्टिको एरिया, पार्सल कार्यालय , प्रतीक्षालय रूम की सघन जांच की गई। इस दौरान यात्रियों से सतर्क रहने, किसी प्रकार की लवारिस वस्तु को हाथ न लगाने और इसकी सूचना सुरक्षा बलों को देने, किसी संदिग्ध के दिखने पर सुरक्षा बलों को सूचित करने का आह्वान किया गया।