सैयदराजा में रामलीला का मंचन करते कलाकार। संवाद
सैयदराजा। नगर पंचायत के रामलीला मैदान में श्रीरामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला में बृहस्पतिवार की रात लक्ष्मण शक्ति, कुंभकरण वध और मेघनाद वध की लीलाओं का भावपूर्ण मंचन किया गया। हनुमान के संजीवनी पर्वत लेकर लौटने और लक्ष्मण की मूर्छा टूटने का दृश्य सबसे आकर्षक रहा। लक्ष्मण के होश में आते ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
मंचन में मेघनाद के शक्ति प्रहार से लक्ष्मण रणभूमि में मूर्छित होकर गिर पड़े। इससे राम दल में शोक छा गया। विभीषण के सुझाव पर हनुमान लंका से वैद्य सुषेण को उनकी कुटिया सहित उठा लाए। वैद्य ने लक्ष्मण के प्राण बचाने के लिए द्रोणाचल पर्वत से संजीवनी बूटी लाने को कहा। बूटी की पहचान नहीं होने पर हनुमान पूरा पर्वत ही उठा लाए। संजीवनी के प्रभाव से लक्ष्मण की मूर्छा टूट गई। इस दृश्य पर दर्शकों ने जयकारे लगाए।
इसके बाद रावण के आदेश पर युद्धभूमि में पहुंचे कुंभकरण ने वानर सेना में खलबली मचा दी। भीषण युद्ध के बाद भगवान श्रीराम ने उसका वध किया। वहीं, मेघनाद ने मायावी शक्ति से राम दल को नागपाश में बांध दिया। नारद के सुझाव पर गरुड़ ने पहुंचकर सभी को मुक्त कराया। अंत में लक्ष्मण ने घनघोर युद्ध के बाद मेघनाद का वध कर दिया।
इस अवसर पर समिति के महामंत्री कामाख्या प्रसाद केसरी ने हिंदू महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष ओपी सिंह को अंगवस्त्र और रामायण भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में रविंद्र जायसवाल, पन्नालाल केसरी, राजेश जायसवाल, मदन प्रसाद कुशवाहा, सुशील कुमार शर्मा, संतोष जायसवाल, जवाहर पांडेय आदि मौजूद रहे।