चकिया/ शिकारगंज। करवा चौथ पर खरीदारी को लेकर चट्टी चौराहों सहित बाजारों में दुकानें सज गई हैं। ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानदार नए-नए ऑफर भी दे रहे हैं । इस वजह से बाजार में भीड़ बढ़ने लगी है। ज्वेलरी से लेकर कपड़े, मेकअप के सामान के साथ ही करवा चौथ पूजन की सामग्री की खरीदारी के लिए महिलाएं जुटी हुई हैं। इस बार यह व्रत एक नवंबर को होगा।
वार्ड नंबर छह सिविल लाइन पूर्वी सभासद मीना विश्वकर्मा ने कहा कि करवा चौथ में महिलाओं के लिए बिछिया पहनना शुभ माना जाता है। क्योंकि इसका संबंध देवी मां से है। दुर्गा पूजा के दौरान भी मां को बिछिया पहनाई जाती है। वहीं वार्ड नंबर 11 निवासी समाजसेवी आरती जायसवाल ने कहा कि विवाहिता स्त्री के सुहाग की निशानी मंगलसूत्र होता है। इसलिए इसे करवा चौथ पर पहनना तो अनिवार्य है। क्योंकि इस पर्व पर सोलह शृंगार किए जाते हैं और मंगलसूत्र भी शृंगार का अहम हिस्सा है। मंगलसूत्र महिलाओं के लिए रक्षा कवच का भी काम करता है।