मोहनिया। मंडल कारागार भभुआ में एक कैदी की तबियत खराब हो गई। उसे जेल से इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कैदी के परिजनों ने जेल सुपरिटेंडेंट पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में एसडीएम और डीएसपी भी सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
कुदरा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत इसी वर्ष 24 मार्च को रोहतास के अमरा तालाब निवासी सुरेंद्र प्रसाद केसरी को गिरफ्तार किया था। परिवार वालों के अनुसार सुरेन्द्र हार्ट पेंसेंट था और हार्ट में मशीन लगी हुई थी। सोमवार को तबियत खराब होने पर जेल सुपरिटेडेंट ने समय से अस्पताल नहीं भेजा। इसकी वजह से सुरेन्द्र की मौत हो गई। इस संबंध में भभुआ के एसडीएम ने बताया कि रोहतास जिले के अमरा तालाब निवासी सुरेंद्र केसरी की 28 मार्च को तबीयत खराब हुई थी। उस समय इलाज के बाद मंडल कारागार भेजा गया था। सोमवार को दोबारा तबीयत खराब होने पर सदर अस्पताल लाया गया। यहां उसकी मौत हो गई। कहा कि मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में आगे की कार्रवाई की जा रही है।