वर्ष 2025-26 में पीडीडीयू नगर में दवा व्यवसायी रोहिताश पाल की गोली मारकर हत्या समेत कई वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। हालात यह रहे कि वर्ष 2026 में जिले में अपराध नियंत्रण के लिए एडीजी स्तर तक को हस्तक्षेप करना पड़ा।
अलीनगर क्षेत्र में अवैध तेल भंडारण और बिक्री के खिलाफ एडीजी की टीम ने छापेमारी की, जबकि पड़ाव के सेमरा क्षेत्र में चल रहे अवैध जुआ सिंडिकेट का भी पर्दाफाश एडीजी पीयूष मोर्डिया के निर्देशन में हुआ। इस मामले में एसपी ने चौकी इंचार्ज समेत दो पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था। हालांकि मार्च 2026 में चंदौली पुलिस ने 4 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध शराब बरामद कर बड़ी सफलता भी हासिल की, जो एक महीने में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
अब जिले की कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाने और अपराध पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी नए एसपी आकाश पटेल के कंधों पर होगी, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।