चंदौली। सीडीओ आर. जगत साई की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और फीडिंग को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की रैंकिंग सुधारने और सभी विभागों को ‘ए’ श्रेणी में लाने पर विशेष जोर दिया गया। सीडीओ ने बैठक के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग शीर्ष स्तर पर होनी चाहिए। खराब रैंकिंग वाले विभागों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे गुणवत्ता, समय-सीमा और डाटा एंट्री में सुधार कर शीघ्र ‘ए’ ग्रेड में आएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं की वास्तविक प्रगति और सही फीडिंग न होने से जनपद की छवि प्रभावित होती है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सीडीओ ने दो टूक कहा कि यदि शीघ्र ही रैंकिंग ‘ए’ श्रेणी में नहीं लाई गई, तो संबंधित विभागों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभाग की योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करें, ताकि लाभार्थियों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।