धानापुर। स्थानीय ब्लाक मुख्यालय के प्रांगण में आयोजित बुधवार को उपनिदेशक कृषि राजीव कुमार के नेतृत्व में एक दिवसीय कृषि मेला संपन्न हुआ।मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर मेले का शुभारंभ किया। साथ ही लाभार्थियों को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आए 44 हजार रूपये की प्रथम किश्त का संस्तुति पत्र सौंपा।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित को लेकर आवश्यक कदम उठा रही है। नए कृषि कानूनों को लेकर किसान अफवाहों में न पड़ें। केंद्र व राज्य सरकार ग्रामीण स्तर पर विकास को लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया की सरकार वर्ष 2022 तक हर उस गरीब तक पक्का आवास मुहैया कराएगी जो मड़ई में जीवन बिताने को विवश हैं। अंत में उन्होंने विभिन्न ग्राम पंचायतों में बने सामुदायिक शौचालयों के 70 शिलापट्टों का उद्घाटन किया। मेले में स्वास्थ्य विभाग, मत्स्य विभाग, शिक्षा विभाग, बाल विकास पुष्टाहार, सिचाई व जल संसाधन विभाग की ओर से प्रदर्शनी लगाई गई थी। इस मौके पर जैव विशेषज्ञ अनिल सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, एडीओ कृषि गोरख यादव, बीडीओ सुशील मिश्र, राजेश तिवारी, सत्यवान मौर्य, भागवत कुशवाहा, बाबुलाल मौर्य आदि लोग मौजूद रहे।