चंदौली। जिले में विकास भवन निर्माण की उम्मीद जग गई है। सीडीओ अजितेंद्र नारायण ने जसुरी के पास डीएम के नाम से दर्ज भूमि में विकास भवन बनाने का प्रस्ताव डीएम संजीव सिंह के पास भेज दिया है। अब डीएम मातहतों के साथ इस पर मंथन के बाद बजट के लिए शासन को जल्द भेजेंगे। नए भवन में सीडीओ, डीडीओ व पीडी के लिए अलग-अलग सभागार बनेंगे। साथ ही पार्किंग और कैंटिन की सुविधा होगी।
जिलाधिकारी कार्यालय (कलेक्ट्रेट) का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। लेकिन विकास भवन समेत ग्राम्य विकास विभाग का कार्यालय कृषि विभाग के भवन में संचालित है। ऐसे में मुख्य विकास अधिकारी ने जसूरी गांव में सरकारी जमीन पर विकास भवन के निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर जिलाधिकारी के समक्ष फाइल प्रस्तुत कर दी है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही शासन को प्रस्ताव भेज दिया जाएगा। सरकार की हरी झंडी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू हो जाएगी। नए विकास भवन में ग्राम्य विकास विभाग से संबद्ध सभी विभागाध्यक्षों के दफ्तर होंगे। वहीं सीडीओ, डीडीओ व परियोजना निदेशक के कक्ष तो रहेंगे ही अलग-अलग सभागार भी बनेंगे।
विकास भवन के निर्माण के लिए जसुरी के पास जमीन चिह्नित की गई है। प्रस्ताव तैयार करके जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी गई है। नया भवन चार मंजिला होगा तथा पार्किंग की सुविधा मौजूद होगी। जल्द ही शासन को प्रस्ताव भेजा जा सकता है। अजितेंद्र नारायण, सीडीओ।