शहाबगंज। स्थानीय ब्लाक सभागार में मंगलवार को राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण बैंक की ओर से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें स्वयं सहायता समूहों के लीडर व सदस्यों ने शिरकत की। प्रशिक्षण में महिलाओं को बैंकों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई।
बडौदा यूपी बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक पीके सिंह ने कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। कार्य शुरू करने के लिए धन की कमी न होने पाए, इसके लिए ऋण भी दिया जाता है। महिलाएं जरूरत के अनुसार अपना व्यपार शुरू कर सकती हैं। डीडीएम नाबार्ड तनुज सेन ने कहा कि समूह की महिलाओं को सबसे पहले अपने समूह के साथ पर्सनल खाता खुलवाने के साथ उसमें बचत की गई धनराशि जमा करनी होती है। समूह के खाते पर सीसीएल भी होता है जिसका प्रयोग जरूरत के अनुसार महिलाएं स्वरोजगार करने में कर सकती हैं। एसजेड़ हुसैन ने समूह की जरूरत और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान बडौदा यूपी बैंक के मैनेजर प्रशांत कुमार, एडीओ आईएसबी काशीनाथ, बीएमएम संजय, अब्दुल कादिर, निर्मला देवी, आराधना आदि उपस्थित रहे।