विंध्याचल में 50वें श्री विद्या कोटी कुमकुमार्चन महायज्ञ का शुभारंभ
- फोटो : अमर उजाला
इस अवसर पर स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि सनातन धर्म शाश्वत है और इसके खिलाफ बोलकर किसी के अस्तित्व का कोई महत्व नहीं रह जाता। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। गौ संरक्षण को राष्ट्र का दायित्व बताते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में गौ माता के संरक्षण को नई दिशा मिली है। साथ ही विपक्षी दलों से सनातन धर्म के मुद्दे को वोट बैंक की राजनीति से दूर रखने की अपील की।
इसे भी पढ़ें; यूपी में दिनदहाड़े लूटकांड: पिस्टल की बट से मुंशी का सिर फोड़ा, डेढ़ लाख रुपये और सोने की चेन लूटकर भागे बदमाश
सांसद नीरज शेखर ने कहा कि स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी के संरक्षण में देशभर में नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति से जोड़ने का अभियान चल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के विश्व शक्ति बनने की दिशा में बढ़ने की बात कही। वहीं विधान पार्षद विनीत सिंह ने माता त्रिपुर सुंदरी की आराधना को घर-घर तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने युवाओं से वर्ष 2047 तक भारत को विश्व गुरु बनाने के संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
विद्वान आचार्य शेषनाथ तिवारी और मुकेश पांडे के निर्देशन में विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न हुआ। जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष प्रमिला सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कुमकुमार्चन में भाग लिया। आयोजकों के अनुसार स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी के संरक्षण में यह 50वां महायज्ञ है, जबकि इससे पूर्व देश के विभिन्न राज्यों में 49 महायज्ञ सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं।