चंदौली। जनपद में बिजली व्यवस्था में सुधार को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में पूर्वांचल विद्युत वितरण खंड के डायरेक्टर शेष कुमार बघेल ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें डायरेक्टर ने विद्युत व्यवस्थाओं पर चर्चा करने के साथ इसमें सुधार लाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
डायरेक्टर ने कहा कि बिजली व्यवस्थाओं में सुधार लाने का दायित्व सभी अधिकारियों और कर्मचारियों पर है। सरकार की मंशा है कि बिजली व्यवस्थाओं को ठीक करने के लिए अधिकारी व कर्मचारी पूरी तन्मयता के साथ कार्य करें ताकि व्यवस्थाओं को सुधारा जा सके। अधिकारी विशेष ध्यान दें कि ज्यादा से ज्यादा ट्रांसफार्मर जलने ना पाए ताकि विद्युत व्यवस्था व्यापक पैमाने पर चलती रही। साथ ही उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी ना होने पाए। मीटर रीडिंग की व्यवस्था में गड़बड़ी हो तो उसमें तत्काल सुधार करें। जहां पर मीटर नहीं लगे हैं, वहां मीटर लगाने की व्यवस्था करें। सरकार की मंशा है कि पर्याप्त मात्रा में उपभोक्ताओं को बिजली उपलब्ध कराई जाए। इस मौके पर एसई अरुण कुमार श्रीवास्तव के अलावा अखिलेश कुमार सिंह, प्रवीण कुमार सिंह, आशीष सिंह, पीके रस्तोगी, अनिल कुमार सिंह, प्रशांत कुमार, सतीश यादव, जन्मेजय साहू रहे।