अवैध कब्जा के चलते भूमिहीन हो रहे ग्राम पंचायतों की जमीन कब्जामुक्त कराने के लिए मंगलवार को एसडीएम डॉ. अतुल गुप्ता जमसोती गांव पहुंचे। उनके साथ तहसीलदार लालता प्रसाद, राजस्व विभाग व पुलिस की टीम भी थी। टीम ने ग्राम पंचायत की जमीन पर बनी कच्ची दीवार को तोड़ कर कब्जामुक्त करा दिया।
विकासखंड में कई ग्राम पंचायतें भूमिहीन हो गई हैं। इससे कहीं सामुदायिक शौचालय बनाने को जगह नहीं मिल रही है तो कहीं जमीन के अभाव में पंचायत भवन नहीं बन पा रहे हैं। जमसोती में ग्राम प्रधान ने सामुदायिक शौचालय बनवाने के लिए हल्का लेखपाल से कुछ दिन पूर्व नाप कराई थी। शौचालय बनाने के लिए नींव भी खोदी जा चुकी थी। बावजूद इसके कब्जाधारी ने झोपड़ी बनाकर ईंट की दीवार खड़ी कर दी थी। इसके बाद ग्राम प्रधान यशवंत सिंह यादव और एडीओ पंचायत प्रेमचंद्र ने कब्जा खाली कराने के लिए एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया था। मंगलवार को तहसीलदार, पुलिस और राजस्व टीम के साथ जमसोती गांव पहुंचे। प्रस्तावित सामुदायिक शौचालय की भूमि की जमीन पर काबिज नंदू कोल निर्माण नहीं होने दे रहा था। टीम ने ईट की दीवार को गिराकर कब्जा खाली कराया। टीम में थानाध्यक्ष राजेश सरोज, चौकी इंचार्ज रामनयन यादव, हल्का लेखपाल विनोद सोनकर शामिल थे।