चंदौली। कलेक्ट्रेट के अनुश्रवण कक्ष में बुधवार को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें डीएम चंद्रमोहन गर्ग ने कहा कि जिले सड़कों के अवैध कट चिह्नित कर उन्हें तत्काल बंद कराया जाए। वहीं, ब्लैक स्पॉट और जहां पैदल यात्री सड़क पार करते हैं, वहां फुट ओवरब्रिज समेत अन्य सुरक्षित विकल्प विकसित करें, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की के कारणों, सुरक्षा के उपाय और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। डीएम ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस और सख्त कदम उठाए जाएं। उन्होंने ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर स्पीड ब्रेकर बनाने, चेतावनी और संकेतक बोर्ड, स्ट्रीट लाइट लगाने समेत सुरक्षा अन्य उपाय करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा यातायात नियमों का पालन सख्ती से कराएं। वहीं, पीडब्ल्यूडी समेत अन्य संबंधित विभागों को सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता पर कराने का कहा। एएसपी अनंत चंद्रशेखर, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार आदि रहे।