संस्कृत विद्यालयों के निरीक्षण में सख्त दिखीं मंडल निरीक्षक मंजू शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
सैयदराजा। संस्कृत पाठशाला की मंडल निरीक्षक मंजू शर्मा ने बुधवार को संस्कृत विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षिक व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और छात्र संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
मंडल निरीक्षक सबसे पहले चकिया स्थित काशी नरेश राज की संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचीं। उन्होंने विद्यालय में निर्माण कार्य की गुणवत्ता और शिक्षा व्यवस्था की जांच की। इसके बाद मंजू शर्मा ने सैयदराजा स्थित श्री दुर्गा संस्कृत पाठशाला एवं दुर्गा संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छत्रपुरा का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कक्षाओं में जाकर छात्रों की शैक्षिक गुणवत्ता और बौद्धिक क्षमता को परखा। छात्रों से संस्कृत के रूप, श्लोक और शिव स्तुति सुनकर उनकी अध्ययन स्थिति का मूल्यांकन किया। निरीक्षक ने प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत चयनित विद्यालय की रूपरेखा पर भी चर्चा करते हुए प्रस्तावित निर्माण कार्य को बेहतर ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। मंजू शर्मा ने कहा कि संस्कृत विद्यालयों की सबसे बड़ी आवश्यकता है बेहतर और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था, जिससे ये विद्यालय अन्य संस्थानों की तरह जिले में अपनी अलग पहचान बना सकें। उन्होंने अध्यापकों को निर्देश दिया कि अप्रैल और जुलाई माह में प्रवेश उत्सव मनाकर घर-घर जाकर संपर्क करें। पंपलेट के माध्यम से लोगों को जागरूक करें और अधिक से अधिक बच्चों का संस्कृत विद्यालयों में नामांकन कराएं। इसके बाद प्रभुपुर स्थित संपूर्णानंद संस्कृत माध्यमिक विद्यालय एवं महाविद्यालय का भी निरीक्षण किया गया, जहां छात्र संख्या बढ़ाने और प्रवेश उत्सव आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान ज्योति पांडेय, किरण पांडेय, बंशीधर द्विवेदी, रजनीश पांडेय, संविदा , स्नेहलता आदि उपस्थित रहे।