कंदवा। स्थानीय थाना के रामपुर गांव में शनिवार की दोपहर में दो पक्षों में रास्ते से मिट्टी हटाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में तब्दील हो गई। इसमें तीन महिलाओं सहित छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 112 नंबर पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बरहनी में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार रामभजन शर्मा ने अपने घर के सामने मिट्टी गिरवा रहे थे। एक ट्रैक्टर चालक ने रास्ते में ही मिट्टी गिरा दिया। बाइक लेकर जा रहे भवानी शंकर शर्मा ने रास्ते से मिट्टी हटाने को कहा। इसी को लेकर दोनों में वाद विवाद होने लगा और दोनों पक्ष के लोग मौके पर जुट गए। देखते ही देखते वाद विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। इससे एक पक्ष से रामअवध शर्मा (60), भवानी शंकर शर्मा (40) और किरन देवी (35) तो दूसरे पक्ष से रामभजन शर्मा (40), पत्नी संगम देवी (35) और राजमणि देवी (60) गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर 112 व कंदवा पुलिस मौके पर पहुंच गई और सभी घायलों को लादकर इलाज के लिए पीएचसी बरहनी पहुंचाया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि अभी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।