पीडीडीयू नगर। ठंड के मौसम का आगाज होते ही नगर में जीटी रोड के किनारे गर्म कपड़ों की दुकान सज गई हैं। इन दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ने भी लगी है। कोरोना संक्रमण के कारण प्रति वर्ष जीटीआर ब्रिज के पश्चिमी छोर पर तिब्बती शरणार्थियों के गर्म कपड़ों की दुकानें प्रशासन ने बंद करवा दी हैं। ग्राहक अब उनके आने का इंतजार कर रहे हैं।
जाड़े का मौसम आरंभ होने के बाद गर्म कपड़ों की खरीदारी बढ़ गई है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए जीटी रोड की दोनों पटरियों पर जीटीआर ब्रिज से नई सट्टी तक गर्म कपड़ों की दुकानें सज गई हैं। इन दुकानों पर खरीदार अपनी आवश्यकता के अनुसार गर्म कपड़े खरीद रहे हैं। सबसे ज्यादा बिक्री स्वेटर और जैकेट की हो रही है। इसके अलावा शॉल, मफलर, दस्ताने, ऊनी टोपी आदि की भी खूब बिक्री हो रही है।
लगभग दो सप्ताह पहल तिब्बती शरणार्थियों ने जीटीआर ब्रिज के पश्चिमी छोर पर अपनी दुकान लगाई थीं। लेकिन उसी समय कोरोना संक्रमण में तेजी आने पर प्रशासन ने उनकी दुकान बंद करा दी। कुछ दिन इंतजार करने के बाद जब प्रशासन ने उन्हें दुकान खोलने की इजाजत नहीं दी तो वे वापस लौट गए।
पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष गर्म कपड़ों की कीमतों में ज्यादा फर्क नहीं देखा जा रहा है। केवल फर वाले जैकेटों के मूल्य में कुछ वृद्धि हुई है। दुकानदारों ने बताया कि वे पंजाब के लुधियाना व दिल्ली आदि शहरों से गर्म कपड़े लाकर यहां बेचते हैं। इस वर्ष स्वेटर 200 से एक हजार व जैकेट 300 से दो हजार के बीच बिक रहा है। इसके अलावा शॉल, मफलर, गर्म टोपी आदि का मूल्य यथावत है। फर वाले जैकेट का आरंभिक मूल्य एक हजार रुपये है।