कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षामित्र को चेक सौंपती राज्यसभा सांसद साधना सिंह साथ में भाजपा विधायक
चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को शिक्षामित्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद साधना सिंह, पीडीडीयू नगर भाजपा विधायक रमेश जायसवाल, सैयदराजा भाजपा विधायक सुशील सिंह, चकिया भाजपा विधायक कैलाश आचार्य तथा डीएम चंद्र मोहन गर्ग की उपस्थिति रही।
इस दौरान प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षामित्रों के मानदेय में की गई वृद्धि के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया गया। सांसद साधना सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षामित्रों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मानदेय वृद्धि से शिक्षामित्रों का मनोबल बढ़ेगा और वे और अधिक समर्पण के साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करेंगे। विधायक सैयदराजा सुशील सिंह ने शिक्षामित्रों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में उनकी भूमिका अहम है। उन्होंने सभी शिक्षामित्रों से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निष्ठा और लगन से कार्य करने की अपील की। इस दौरान प्रतीकात्मक रूप से पांच-पांच शिक्षामित्रों को डमी चेक वितरित किए गए।
उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। बताया गया कि बढ़े हुए मानदेय का लाभ जिले के 1424 शिक्षामित्रों को मिलेगा। शिक्षामित्रों ने सरकार के इस निर्णय के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान बीएसए सचिन कुमार, शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे।