कक्षा छह से आठ, नौवीं और 11वीं की विद्यालय स्तर पर होगी परीक्षा, समय से पाठ्यक्रम पूरा कराने पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
पीडीडीयू नगर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं पांच फरवरी से प्रस्तावित हैं। इससे पहले जिले के माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा छह से आठ, नौवीं और 11वीं की गृह परीक्षाएं कराई जाएंगी। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव की ओर से जारी निर्देशों के क्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने प्रधानाचार्यों को परीक्षा संबंधी तैयारियां समय से पूरी करने को कहा है। निर्देश दिया है कि कक्षा छह से नौ और 11वीं का पाठ्यक्रम निर्धारित समय के भीतर पूरा कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। डीआईओएस ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं से पहले ही कक्षा छह से आठ, नौवीं और 11वीं की गृह परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर संपन्न करानी होंगी। इसके लिए प्रधानाचार्य शिक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर शैक्षिक कार्यों की नियमित समीक्षा करें। साथ ही पाठ्यक्रम पूरा कराने और परीक्षा की व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें, इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी प्रभावित न हो।