पीडीडीयू नगर। जिलेभर में होलिकाएं सज गई हैं। जगह-जगह विधि विधान से होलिका और भक्त प्रह्लाद की मूर्तियां स्थापित कर पूजा अर्चना की शुरूआत कर दी गई है। लोग होलिकाओं में लकड़ी और उपले डाल रहे हैं। सोमवार को होलिका दहन होगा। होलिका दहन सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने भी कमर कस ली है। होलिकाओं के आसपास पुलिसकर्मियों के तैनाती की व्यवस्था कर दी गई है। अति संवेदनशील व संवेदनशील हालिकाओं पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
होलिका दहन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। नगर में जीटी रोड के अलावा गली-मोहल्लों में भी होलिका सज गई है। इसके अलावा जिले के सभी गांवों में भी होलिका व होली की तैयारी में लोग जुट गए हैं। घरों में महिलाएं गुझियों के साथ अन्य पकवान बनाने में जोर-शोर से जुटी हुई हैं। जिले में कुल 1544 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। होलिका की तैयारी को लेकर पूरे दिन युवा व किशोर लकड़ियां जुटाने में जुटे रहे। वहीं कुछ मोहल्लों में चंदा जुटाकर होलिका के लिए लकड़ियां खरीदने की तैयारी में भी युवा व किशोर लग गए हैं। कुल मिलाकर होलिका दहन की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। बिजली विभाग ने लोगों से बिजली के तारों के नीचे होलिका न जलाने का अनुरोध किया है जिससे दुर्घटना से बचा जा सके।
शुभ मुहूर्त देखकर होलिका में आग लगाई जाएगी। पं. संतोष तिवारी ने बताया कि इस वर्ष प्रदोष काल के बाद होलिका जलाने का शुभ मुहूर्त आरंभ हो जाएगा। यह समय रात के सात बजे के बाद से 12 बजे तक रहेगा। इस समयकाल में किसी भी समय होलिका में आग लगाई जा सकती है। बताया कि रात के नौ से 11 बजे तक सबसे ज्यादा शुभ मुहूर्त रहेगा।
होलिका दहन व होली संपन्न कराने के लिए पुलिस ने दो दिनों का कार्यक्रम तय किया है। सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि सभी होलिकाओं के आसपास पर्याप्त मात्रा में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा विभाग के अधिकारी भी होलिकाओं का चक्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहेंगे। बताया कि पुलिस टीम बनाकर रूट कार्यक्रम तय कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार का नशा करने से दूर रहकर पर्व का आनंद उठाने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि पर्व पर गड़बड़ी करने वाले अवांछनीय तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन ने होली पर्व पर लोगों को भरपूर मात्रा में पानी देने की तैयारी कर ली है। चेयरमैन संतोष खरवार ने बताया कि पर्व पर पानी की कमी न होने देने की तैयारी कर ली गई है। पर्व के दिन भोर के चार बजे से पानी की आपूर्ति आरंभ कर दी जाएगी। पानी की सप्लाई रात के 10 बजे तक निर्बाध रूप से की जाएगी। कहा कौि बिजली न रहने की दशा में जनरेटर से पानी की आपूर्ति जारी रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से पर्व के दिन अनावश्यक रूप से पानी बर्बाद नहीं करने की अपील की है।
कंदवा में 70 स्थानों पर होलिका जलाने की तैयारी
कंदवा संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के गांवों में होली के अवसर पर सोमवार की रात कुल 70 जगहों पर होलिका दहन किया जाएगा। इसमें छह अति संवेदनशील व चार संवेदनशील जगहों पर पुलिस की पैनी नजर होगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है। सीओ जगतराम कन्नौजिया ने बताया कि होलिका दहन व होली सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन कटिबद्ध है। क्षेत्र के बरहनी,ककरैत, असना, कोदईं, कम्हरियां, कंदवा गांव अति संवेदनशील व रामपुर,चिरईगांव, घोसवा, दैथा गांव संवेदनशील की श्रेणी में रखे गए हैं। इन स्थानों पर विशेष प्रशासनिक व्यवस्था की जाएगी। सभी होलिका दहन वाले स्थलों पर चौकीदारों की तैनाती भी की गई है।