सदर कोतवाली अंतर्गत मिश्रपुरा भट्ठा के सामने हाईवे पर सोमवार की दोपहर
12 बजे बोलेरो ने एक बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार
भिखारीपुर निवासी माया प्रजापति (43) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक
अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
घटना के बाद बोलेरो चालक मय वाहन भाग
निकला। आसपास के ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग को
लेकर हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान जाम समाप्त कराने गए सदर कोतवाल के साथ
ग्रामीणों की नोकझोंक भी हुई।
अंत में एएसपी जियालाल यादव और एसडीएम
सदर ने पारिवारिक लाभ योजना के तहत मुआवजा देने का आश्वासन देकर लगभग
डेढ़ घंटे के बाद जाम खत्म कराया।
इस बीच सड़क के दोनों तरफ वाहनों की
लंबी कतार लग गई और यातायात सामान्य होने में काफी समय लगा।
भिखारीपुर
निवासी माया प्रजापति अपने परिचित बबुरी के अकोढ़ाकला निवासी ओमप्रकाश
(45) के साथ सोमवार को बाइक से अलीनगर निवासी अपने किसी रिश्तेदार से मिलने
गए थे।
दोपहर बारह बजे दोनों वापस लौट रहे थे। मिश्रपुरा के भट्ठा के
सामने हाईवे पार करते समय मुगलसराय की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने
बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे माया प्रजापति बाइक से दूर जा
गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि ओमप्रकाश गंभीर रूप से
घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर मिश्रपुरा और भिखारीपुर के ग्रामीण
जुट गए। लोगों ने घायल को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजा और हाईवे
को जाम कर दिया।
इस दौरान कोतवाल साजिद सिद्दीकी ने समझा बुझाकर जाम खत्म
कराने की कोशिश की, पर ग्रामीण नहीं माने। अंत में एएसपी जियालाल यादव और
एसडीएम गिरीश कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। कहा
कि पीड़ित परिवार को पारिवारिक लाभ योजना और हिट एंड रन मामले के तहत
मुआवजा दिलाया जाएगा।