नियामताबाद विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय मवई कला में कक्षा पांच के छात्र की पिटाई के आरोप में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने प्रधानाध्यापक सुबोध कुमार को निलंबित कर दिया है। मामले की विस्तृत जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी, नियामताबाद को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
बीएसए सचिन कुमार ने बताया कि नौ सितंबर को कक्षा पांच के छात्र पवन कुमार की पिटाई की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद कराई गई जांच में छात्र और उसके परिजनों ने प्रधानाध्यापक पर मारपीट का आरोप लगाया।
वहीं, प्रधानाध्यापक ने बच्चों को अनुशासन में रहने के लिए डांटने की बात कही। बीएसए के अनुसार, जांच में विद्यालय में बच्चों के साथ मारपीट की घटना पहले भी सामने आने की बात सामने आई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापक को प्रथम दृष्टया दोषी मानकर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जांच अधिकारी को 15 दिन के भीतर आरोप पत्र तैयार कर विस्तृत जांच पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।